बांकेगंज। मैलानी थाना क्षेत्र के खंजनपुर गांव में रास्ते पर पड़े पत्थर को हटाने के विवाद में मंगलवार को दो समुदाय के लोगों के बीच जमकर लाठी-डंडे और धारदार हथियार चले। इसमें गजेंद्र गंभीर रूप से जख्मी हो गए। बाकी लोगों के मामूली चोटें आई हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों के नौ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पांच को गिरफ्तार कर लिया है।
सीओ गोला रमेश कुमार तिवारी ने बताया कि खंजनपुर निवासी गजेंद्र सिंह यादव मंगलवार शाम पांच बजे खेत से ट्रैक्टर-ट्रॉली में धान भरकर घर ले जा रहे थे। नाजिम के घर के सामने सड़क पर पड़े पत्थरों को देखकर उनसे हटाने के लिए कहा। नाजिम ने इन्कार कर दिया। इस पर दोनों समुदायों के बीच विवाद होने लगा। देखते ही देखते उनमें जमकर लाठी-डंडे और धारदार हथियार चलने लगे। इसमें दाेनों पक्षों के आठ लोगों को मामूली चोटें आई हैं।
मारपीट के बीच धारदार हथियार के प्रहार से गजेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके कान, हाथ और सिर पर गहरा जख्म हो गया। उन्हें इलाज के लिए बांकेगंज सीएचसी भेजा गया। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची ने दोनों पक्षों के लोगों को समझा-बुझाकर किसी तरह मामला शांत किया। इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के गजेंद्र यादव, सुरजीत, अमरपाल, प्रदीप कुमार, बदन सिंह, नाजिम, शहनाज बानों, मेराज बानों और शादव उर्फ आमिर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने बुधवार को शादाब, मुन्ना, प्रदीप, अमरपाल व सुरजीत को गिरफ्तार कर उनका चालान भेजा गया है। इसके बाद कोर्ट के आदेश पर इन सभी को जेल भेज दिया गया।