पसगवां। नेशनल हाईवे पर मुनीम से लूट के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से लूटा गया मोबाइल फोन, नकदी, आधार कार्ड, हिसाब की कॉपी, घटना में प्रयुक्त बाइक और तमंचा-कारतूस बरामद किए गए हैं।
जिला हरदोई के थाना मझिला क्षेत्र के गांव बसबेरवा निवासी व्यास पांडे जंगबहादुरगंज स्थित गर्ग भट्ठे पर मुनीम हैं। रविवार रात काम खत्म कर बाइक से घर जा रहे थे। उकुरमुहा मोड़ के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने उनकी पिटाई कर 6,850 रुपये और मोबाइल फोन लूट लिया था।
पुलिस ने सोमवार को मुनफ्फरपुर निवासी शिवा कुमार और अजीत कश्यप को बरखेरियाजाट ओवरब्रिज के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, शिवा के पास से लूटा गया मोबाइल फोन बरामद हुआ, जबकि अजीत कश्यप के पास से 6,850 रुपये, आधार कार्ड, हिसाब की कॉपी, घटना में प्रयुक्त बाइक और एक तमंचा-कारतूस मिला।
एसएचओ जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।