शहर के सीतापुर रोड पर गुरुनानक कॉलेज के पास गन्ना भरे ट्रक ने 11 हजार की बिजली लाइन तोड़ दी। इससे रातभर कई मोहल्लों की बिजली सप्लाई गुल रही। शनिवार की दोपहर बिजली लाइन के जुड़ने से लोगों को बिजली और पानी की सप्लाई मिल पाई। इस कारण आधादर्जन मोहल्लों के सैंकड़ों लोगों को बिजली और पानी की समस्या से जूझना पड़ा।
तापमान बढ़ते ही शहर में बिजली की किल्लत शुरू हो गई है। कभी रोस्टिंग तो कहीं फाल्ट से बिजली सप्लाई बाधित हो रही है। शुक्रवार की रात गन्ना भरे ट्रक ने सीतापुर रोड पर हाईटेंशन बिजली लाइन को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस कारण राजगढ़, वाईडी कॉलेज परिसर, बरखेरवा, सुंदरपुरम और ओवरब्रिज समेत आसपास का इलाका अंधेरे में डूब गया। इस कारण रातभर सैंकड़ों लोगों को बिजली नहीं मिली। बिजली लाइन जोड़ने में लापरवाही बरतने के कारण शनिवार की सुबह से दोपहर तक लोगों को बिजली और पानी के लिए जूझना पड़ा। लोगों का कहना है कि गर्मी शुरू होते ही बिजली विभाग की लापरवाही के चलते लोगों को आएदिन परेशानियों का सामना करना पड़ता है। वहीं ईदगाह उपकेंद्र के जेई आरएन मिश्रा ने बताया कि गन्ना भरे ट्रक की टक्कर से बिजली लाइन टूट गई थी, जिसे ठीक कराने में समय लगा। दोपहर के बाद लोगों को बिजली सप्लाई बहाल कर दी गई।