महेवागंज/फूलबेहड़। लखीमपुर-शारदानगर मार्ग पर दो बाइकों की टक्कर में मां-बेटा घायल हो गए, जबकि दूसरी बाइक पर सवार युवक मौके से भाग गए।
शारदानगर थाना क्षेत्र के बालक रामपुरवा निवासी देवेंद्र कुमार वर्मा बृहस्पतिवार को अपनी मां शोभा देवी के साथ दवा लेने लखीमपुर गए थे। देर शाम लौटते समय फूलबेहड़ क्षेत्र के तेतारपुर गांव के पास ट्रिपल राइडिंग कर रहे युवकों की बाइक से टक्कर हो गई।
हादसे में देवेंद्र और उनकी मां सड़क पर गिरकर घायल हो गए। घटना के बाद दूसरी बाइक पर सवार तीनों युवक मौके से भाग निकले। राहगीरों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया। फूलबेहड़ प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि अभी तक घायलों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। संवाद
भानपुर में भिड़ीं दो बाइकें, पिता-पुत्र समेत तीन घायल
भीरा। क्षेत्र के गांव भानपुर में शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे बरगद के पेड़ के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में शादी समारोह में जा रहे पिता-पुत्र समेत तीन लोग घायल हो गए। आशीष व राकेश निवासी अमेठी सिकंदर, थाना सिकंदराबाद, बिजुआ की ओर से भानपुर अपने रिश्तेदार के यहां जा रहे थे। दूसरी ओर से सचिन निवासी पड़रियापुरवा अंबारा, भीरा की तरफ से आ रहा था। भानपुर में दोनों बाइकों की जोरदार भिड़ंत में आशीष, राकेश और सचिन घायल हो गए। ग्रामीणों की मदद से सभी को सीएचसी बिजुआ पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने आशीष व सचिन की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। संवाद