भीरा-पलिया के बीच कटान साइट पर काम करते मजदूर।
मैलानी-बहराइच के बीच डेढ़ माह से बंद है ट्रेनों का संचालन
मैलानी (लखीमपुर खीरी)। मैलानी-बहराइच रेलखंड के भीरा और पलिया स्टेशनों के बीच कटान साइट का काम अब अंतिम चरण में है। उम्मीद है कि तैयार ट्रैक पर दो-तीन दिन में जल्द ही दोबारा ट्रायल के बाद ट्रेनों का संचालन शुरू हो सकता है।
मैलानी-बहराइच रेलखंड के भीरा-पलिया के बीच बीस अक्तूबर को शारदा नदी के बाढ़ के पानी से दो जगहों पर ट्रैक का कटान हुआ था। बाढ़ में दोनों जगहों पर ट्रैक के नीचे का रेल मैटीरियल बह गया था और रेल पटरी पानी में झूल गई थी। तब से इस रूट पर ट्रेनों का संचालन बंद है। रेलकर्मी साइट पर दिन-रात काम कर रहे हैं।
पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के जनसंपर्क अधिकारी महेश गुप्ता ने बताया कि भीरा-पलिया के बीच दोनों जगह कटान साइट पर ट्रैक का काम लगभग पूरा हो चुुका है। दो-तीन दिन में ट्रैक का ट्रायल प्रस्तावित है। संरक्षा और सुरक्षा से जुड़ा मामला है, लिहाजा मंडलीय अफसरों की मौजूदगी में ट्रायल किया जाएगा। ट्रायल सफल होने के बाद औपचारिकताएं पूरी कर मैलानी-बहराइच रूट पर बंद चल रहा ट्रेनों का संचालन अतिशीघ्र पुन: बहाल किया जाएगा।
नेपालगंज-बहराइच रूट पर भी बंद है ट्रेनों का संचालन
मैलानी। भीरा-पलिया के बीच शारदा नदी के पानी से हुए कटान से नेपालगंज-बहराइच खंड पर भी ट्रेनों का संचालन बंद चल रहा है। यहां बता दें कि नेपालगंज-बहराइच पर संचालित ट्रेनों के लिए पॉवर, स्टाफ आदि यहीं से जाता है। मैलानी-बहराइच के बीच ट्रेन संचालन शुरू होते ही नेपालगंज-बहराइच खंड पर भी ट्रेनों का संचालन शुरू हो जाएगा। संवाद