ईद की नमाज के बाद हुई घटना, जिम्मेदार लोगों ने मामला खत्म कराया
निघासन। सिंगाही कस्बे में ईद की नमाज के समय कुछ अराजक तत्वों ने ईदगाह पर माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया। समय रहते जिम्मेदार लोगों की सक्रियता से माहौल शांत हो गया। इस बीच पुलिस मूकदर्शक बनी रही।
बताया जाता है कि कस्बे के उत्तर स्थित ईदगाह पर अंजुमन कमेटी की ओर से कुछ छायादार पेड़ लगवाए गए थे। रविवार रात कुछ पेड़ों को अराजक तत्वों ने उखाड़कर फेंक दिया, जिसकी तहरीर अंजुमन कमेटी की ओर से सोमवार को सिंगाही पुलिस को दी गई थी।
अंजुमन कमेटी ने मोहल्ला झाला के कुछ लोगों पर शक जताया था। आरोप है कि पुलिस की ओर से इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई। मंगलवार को ईदगाह पर ईद की नमाज के बाद सबके सामने कुछ अराजक तत्व माहौल बिगाड़ने का प्रयास करते हुए दीवार फांदकर बाहर गए और ईदगाह पर लगाए गए सारे पेड़ उखाड़कर फेंक दिए। इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिस केवल मूक दर्शक बनी रही। मामला एक ही समुदाय के दो गुटों के बीच का है। अंजुमन कमेटी ने घटना की शिकायत सीएम हेल्पलाइन 1076 पर दर्ज कराई गई है। इसके बाद एसडीएम श्रद्धा सिंह और सीओ सुबोध कुमार जायसवाल सिंगाही थाने पहुंचे और मामले से जुड़े सभी लोगों को थाने पर बुलवाकर वार्ता की। करीब एक घंटे चली वार्ता के बाद अधिकारियों ने सभी को एक दूसरे के गले मिलवाकर मामला को रफा दफा कर दिया।