गोला गोकर्णनाथ (खीरी)। खुटार मार्ग पर शुक्रवार रात गोवंशीय पशुओं को बचाने की कोशिश में एक ट्रैवलर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में नौ यात्री घायल हो गए। इनमें तीन को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
शुक्रवार रात करीब एक बजे नेपाली यात्रियों से भरी ट्रैवलर बस रुपईडीहा से हिमाचल प्रदेश के शिमला जा रही थी। अहमदनगर साईं धाम के सामने हाईवे पर विचरण कर रहे गोवंशीय पशुओं को बचाने के प्रयास में चालक अर्जुन (40) निवासी कोटखाई, शिमला बस से नियंत्रण खो बैठा और ट्रैवलर सड़क किनारे पलट गई।
हादसे में करन (38) पुत्र कुंभू खत्री, नैन बहादुर (34) पुत्र राम बहादुर निवासी जगरकूट बडाबन, नेपाल, मिलन (28) पुत्र कृपाराम, गणेश थापा (19) पुत्र साकेत थापा निवासी अक्षम भेरी विस्तान, नेपाल, आर्यन बब्ती (22) निवासी नरारीनाथ कालीकोठी, नेपाल, प्रकाश (33) पुत्र राम बहादुर निवासी बर्दिया बंशगाडी, नेपाल, कस्तूर सिंह (46) पुत्र लक्ष्मीराम निवासी बीजू तुरनाहट, नेपाल, गुशन (37) पुत्र जयपाल निवासी जुंबल, हिमाचल प्रदेश तथा चालक अर्जुन घायल हो गए।
सूचना पर पहुंचे हैदराबाद थानाध्यक्ष सुनील कुमार मलिक ने एंबुलेंस से सभी घायलों को गोला सीएचसी भिजवाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद करन, मिलन और आर्यन को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सीओ महक शर्मा ने बताया कि देर रात ट्रैवलर बस का हादसा हुआ है। बस हिमाचल प्रदेश जा रही थी। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। अधिकांश यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं।