निघासन। गन्ना ढुलाई के ठेके को लेकर खैरहनी निवासी ट्रांसपोर्टर रामपाल गुप्ता को जान से मारने की धमकी मिली है। पीड़ित ने शनिवार को लखीमपुर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल से मुलाकात कर शिकायती पत्र सौंपा। डीएम ने पुलिस अधीक्षक को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
रामपाल गुप्ता ने शिकायती पत्र में बताया, कि 25 जुलाई 2025 को बेलरायां सरजू सहकारी चीनी मिल में गन्ना ढुलाई के लिए ई-टेंडर प्रक्रिया में उन्होंने निविदा डाली थी। एक अगस्त को टेंडर खुलने पर उनकी दर सबसे कम होने के कारण उन्हें एल-वन घोषित कर निविदा स्वीकृत कर ली गई। उन्होंने आरोप लगाया कि, निविदा में पिछड़ने से नाराज एक अन्य ठेकेदार और उसके बेटे ने उन्हें गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। रामपाल के अनुसार, आरोपियों ने उनके भतीजे संगम लाल को भी फोन कर कार से कुचलकर हत्या करने की धमकी दी।
पीड़ित ने यह भी बताया कि आरोपी पूर्व में भी रकेहटी निवासी एक व्यक्ति को वाहन से कुचलकर मार चुके हैं। इसकी रिपोर्ट थाना निघासन में दर्ज है। रामपाल गुप्ता ने खुद की और अपने परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है। डीएम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मामले में निघासन कोतवाल महेशचंद ने बताया कि अभी जिले से शिकायत प्राप्त नहीं हुई है, मिलते ही जांचकर विधिक कार्रवाई की जाएगी।