लखीमपुर। ओयल में हाईवे किनारे रखे ट्रांसफाॅर्मर से कार टकराने के हादसे में तीन लोगों की मौत के बाद बिजली व्यवस्था की सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं। सोमवार को जिले में पड़ताल की गई तो हाईवे और प्रमुख सड़कों के किनारे कई जगह ट्रांसफाॅर्मर पांच से 10 कदम की दूरी पर मिले। शहर में कुछ जगह ट्रांसफाॅर्मर सड़क से बिल्कुल सटे हैं। ऐसे में हादसे की आशंका बनी हुई है।
लखीमपुर-सीतापुर हाईवे पर ओयल में ब्रेकर पर वर्ना कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे रखे ट्रांसफाॅर्मर से टकरा गई थी। हादसे में तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर घायल हुए। टक्कर के बाद कार के ट्रांसफार्मर के संपर्क में आने से करंट उतरने की बात सामने आई। लोगों का कहना है कि ट्रांसफाॅर्मर सड़क से दूर होता तो जान बच सकती थी।
शहर के हिदायतनगर चौराहा, शाहपुरा कोठी और घोसियाना रोड पर ट्रांसफाॅर्मर सड़क से सटे हैं। इनके चारों ओर सुरक्षा जाल तो है, लेकिन वाहन की टक्कर का खतरा बना रहता है।
महेवागंज में लखीमपुर-निघासन स्टेट हाईवे पर सड़क किनारे ट्रांसफाॅर्मर रखा है। इसके खराब होने के बाद पास में मोबाइल ट्रॉली भी रखी गई। बालूडीह चौराहे पर भी सड़क से कुछ कदम की दूरी पर ट्रांसफार्मर है।
पसगवां में अन्नपूर्णा भवन के पास और मोहम्मदी-जंगबहादुरगंज मार्ग पर भी सड़क किनारे ट्रांसफाॅर्मर हैं। स्थानीय लोगों शेखर शुक्ला, अनुराग और जितेंद्र का कहना है कि इनसे करंट का खतरा बना रहता है।
बेहजम के रुकनापुर में दाएं-बाएं फुटपाथ पर थोड़ी-थोड़ी दूरी पर तीन ट्रांसफार्मर लगे हैं। इससे राहगीरों और बच्चों को खतरा है। लोगों ने यहां चिंगारी और आग निकलने की बात भी कही।
मोहम्मदी में पुवायां रोड पर वन विभाग की बैरियर से आगे सड़क किनारे ट्रांसफार्मर है। अमीरनगर में बाजार मोहल्ला-इमाम चौक मार्ग पर ट्रांसफाॅर्मर लगा है। यहां से चारपहिया और दोपहिया वाहन गुजरते हैं। बरबर में औरंगाबाद जाने वाले मार्ग पर बस स्टॉप के पास सड़क किनारे ट्रांसफाॅर्मर रखा है।
सुरक्षा के इंतजाम भी नदारद
भीरा के भापर चौराहे पर हाईवे से करीब 10 कदम की दूरी पर ट्रांसफार्मर लगा है। यहां सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं हैं। बारिश में इसके आसपास पानी भरने से करंट उतरने का डर रहता है। ग्रामीणों के मुताबिक, करंट की चपेट में आने से एक गाय की मौत भी हो चुकी है। इसके बावजूद ट्रांसफार्मर के चारों ओर सुरक्षा जाल नहीं लगाया गया है।
भानपुर चौराहे पर हाइवे के दस कदम दुरी पर रखा ट्रांसफॉर्मर। संवाद
भानपुर चौराहे पर हाइवे के दस कदम दुरी पर रखा ट्रांसफॉर्मर। संवाद
भानपुर चौराहे पर हाइवे के दस कदम दुरी पर रखा ट्रांसफॉर्मर। संवाद