पलियाकलां। लखीमपुर से पलिया आ रहे एक व्यापारी का सामान निजी बस की डिक्की से गायब हो गया। उनका आरोप है कि बस स्टाफ ने उन्हें महेवागंज के पास बीच रास्ते में ही छोड़ दिया और बस लेकर निकल गए।
पलिया के मोहल्ला अहिरान निवासी व्यापारी अमित बंसल रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे लखीमपुर से एक निजी बस में सवार हुए थे। उन्होंने पान मसाले से संबंधित तीन नग सामान बस के पीछे बने बॉक्स में कंडक्टर के माध्यम से रखवाए थे। बस अभी महेवागंज के समीप पहुंची ही थी कि पीछे से आए दो बाइक सवारों ने बस रुकवाई। उन्होंने चालक को सूचना दी कि बस की डिक्की खुली हुई है और कुछ सामान रास्ते में गिर गया है। सूचना मिलते ही बस के अंदर बैठे अमित बंसल नीचे उतरे।
जांच करने पर पता चला कि उनके तीन नगों में से एक मुख्य नग गायब था। इसमें लगभग 80 से 90 हजार रुपये मूल्य का सामान था। अमित बंसल का आरोप है कि सामान गायब होने के बाद बाइक सवार उन्हें साथ लेकर कुछ दूरी तक सामान तलाशने गए लेकिन कुछ हाथ नहीं लगा। इस बीच संवेदनहीनता दिखाते हुए निजी बस का स्टाफ व्यापारी और उनके सामान की परवाह किए बिना बस लेकर पलिया के लिए रवाना हो गया।
पीड़ित व्यापारी ने बाद में दूसरी बस पकड़कर पलिया पहुंचकर लोगों को आपबीती सुनाई। घटना की सूचना मिलते ही पलिया व्यापार मंडल के अध्यक्ष गौरव गुप्ता अन्य व्यापारी सदस्यों के साथ पीड़ित के पास पहुंचे। व्यापारियों ने बस स्टाफ के इस रवैये पर कड़ा रोष व्यक्त किया है। व्यापार मंडल के पदाधिकारी मामले में कार्रवाई को लेकर आपस में विचार-विमर्श कर रहे हैं।