अधिकांश सब्जियों के दाम स्थिर, प्याज हुआ सस्ता
बारिश का मौसम शुरू होते ही टमाटर ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। पिछले 15 दिनों के अंदर टमाटर के दाम दोगुने हो गए हैं। थाली में आने के पहले ही सब्जी के झोले से टमाटर फिसल चुका है। अन्य सब्जियों के मूल्य में खास बढ़ोत्तरी नहीं हुई है। प्याज और परवल आदि कई सब्जियों के दामों में गिरावट आई है। बरसात में टमाटर के जल्दी खराब होने का डर रहता है। इसके चलते इसके मूल्यों में काफी इजाफा हुआ है।
करीब 15 दिन पहले तक 40 से 50 रुपये प्रति किलो बिकने वाला टमाटर इन दिनों 80 रुपये से 100 रुपया प्रति किलो के बीच बिक रहा है। हालांकि टमाटर का थोक भाव अभी 4000 से 4200 रुपया प्रति क्ंिवटल ही है। फुटकर बाजार में आते-आते इसका मूल्य बढ़कर दोगुना हो जाता है। गोला के सब्जी आढ़ती जमाल अहमद राइन का कहना है कि एक तो टमाटर इस मौसम में यहां पैदा नहीं होता, दूसरे बरसात के मौसम में टमाटर खराब होने का खतरा रहता है। इसलिए बरसात में टमाटर महंगा हो जाता है। इस बार टमाटर कुछ ज्यादा ही महंगा हुआ है।
आलू, प्याज, लौकी, कद्दू, परवल घुइयां, शिमला मिर्च आदि के मूल्यों में कोई बढ़ोत्तरी नहीं हुई है। प्याज 10 रुपये से 15 रुपये प्रति किलो और आलू आठ रुपये प्रति किलो की दर से बिक रहा है। करेला, भिंडी, शिमला मिर्च आदि के दाम आज भी वही हैं जो 15 दिन पहले थे।
सब्जी के मूल्यों का तुलनात्मक विवरण(भाव प्रति किलो)
सब्जी आज का मूल्य 15 दिन पहले
टमाटर 40-50 रुपया 80-100 रुपया
आलू 08 रुपया 08 रुपया
प्याज 10 रुपया 08 रुपया
धनिया 70-80 रुपया 100 रुपया
लौकी 15-20 रुपया 20-25 रुपया
कद्दू 20 रुपया 20-25 रुपया
करेला 30 रुपया 25-30 रुपया
घुइया 35 रुपया 40 रुपया
भिंडी 20 रुपया 25-30 रुपया
शिमला मिर्च 60 रुपया 60 रुपया
परवल 20 रुपया 20 रुपया