अधिवक्ता कल्याण की योजनाएं लागू किए जाने को लेकर 27 फरवरी को अधिवक्ता न्यायिक कार्यों से विरत रहकर विरोध मनाएंगे और प्रत्येक तहसील स्तर पर अधिवक्ता ज्ञापन देंगे।
अधिवक्ता संघ उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष एवं बार कौंसिल के पूर्व चेयरमैन अजय कुमार शुक्ला ने बताया कि प्रदेश सरकार के अधिवक्ता विरोधी रवैये, अधिवक्ता जन कल्याण की योजनाएं लागू न करने और अधिवक्ता और उनके परिवार वालों पर हमले के आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई करने के बजाय उन्हें संरक्षण देने के विरोध में वकील 27 फरवरी को न्यायिक कार्यों से विरत रहकर विरोध दिवस मनाएंगे। उन्होंने कहा एक जनवरी से दिवंगत अधिवक्ताओं के परिवार वालों को पांच लाख रुपये मिलने के बजाय पहले से मिल रहे 50 हजार रुपये भी मिलने बंद हो गए हैं। प्रदेश के तीन लाख वकीलों की कल्याणकारी योजनाओं को लागू करने में अड़ंगेबाजी लगा रहे हैं। उन्होंने बताया शुक्रवार को प्रदेश के सभी तहसील मुख्यालयों पर तहसील प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा जाएगा और तीन मार्च को विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन तथा 23 मार्च को विधानसभा का घेराव किया जाएगा।