भाजपा के प्रदेश मंत्री अनूप गुप्ता और गोवंश विकास प्रकोष्ठ के प्रदेश सह
संयोजक विजय कुमार शुक्ला रिंकू की अगुवाई में जिले के भाजपाइयों ने
राज्यपाल रामनाइक से मुलाकात की। भाजपाइयों ने लखीमपुर खीरी जिले में घट
रहे गोवंश को बचाने और अवैध रूप से चल रहे पशु वधशालाओं को बंद कराने की
मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।
प्रदेश सह संयोजक विजय कुमार शुक्ला ने कहा
कि खीरी जिले में बड़े पैमाने पर हो रहे गोवध और उसके मांस की तस्करी कर
बड़े-बड़े शहरों में भेजा जा रहा है। आए दिन पुलिस गोवध के मामले पकड़ती
है। जिले में वर्ष 2007 में हुई 18वीं पशुगणना में संख्या बढ़ने के बजाय
घटकर 465112 रह गई है। भाजपाइयों ने गोवध रोकने के लिए व्यापक रूप से
अभियान की मांग करते हुए बताया कि जिले में गोला के भुड़वारा, भल्लिया,
धौरहरा में लड़बड़ी और महराजनगर, पलिया में अतरिया, मोहम्मदी के धमौला,
महमदपुर, रसूलपुर और मैलानी में कुकरा में गोकशी का धंधा चल रहा है। इन
जगहों पर पशु वधशालाएं अवैध रूप से चल रही हैं। जबकि जिला पशु चिकित्सा की
ओर से कोई लाइसेंस नहीं जारी किया गया है। इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष
लोकेंद्र प्रताप सिंह, अनुराग मिश्रा, अर्चन तोमर, रामस्वरूप बाजपेई,
इंद्रजीत यादव आदि कार्यकर्ता थे।