लखीमपुर खीरी। तिकुनिया हिंसा कांड मामले में बुधवार को जिला जज शिवकुमार सिंह की अदालत में अभियोजन पक्ष की ओर से चार गवाह पेश किए गए। बचाव पक्ष ने चारों गवाहों से जिरह पूरी कर ली। अदालत ने बृहस्पतिवार को भी सुनवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं।
अभियोजन पक्ष ने सबसे पहले प्रदीप गुप्ता के बयान दर्ज कराए। इसके बाद योगेश दीक्षित, आकाश गर्ग और पूर्व प्रधान अजय अग्रवाल के बयान अभियोजन साक्षी के रूप में दर्ज किए गए। खबर के अनुसार, पेश हुए गवाहों से अभियोजन पक्ष को कोई खास सहारा नहीं मिला। इसके बाद बचाव पक्ष की ओर से सभी 13 आरोपियों के वकीलों ने चारों साक्षियों से बुधवार को ही जिरह पूरी कर ली।
जिला जज शिवकुमार सिंह ने सुनवाई की निरंतरता बनाए रखते हुए बृहस्पतिवार को भी पत्रावली सुनवाई के लिए लगाई है। अभियोजन पक्ष को शेष साक्षी पेश करने के निर्देश दिए गए हैं। अदालत ने क्रॉस केस की सुनवाई भी बृहस्पतिवार को लगाई है।