लखीमपुर। तिकुनिया हिंसा कांड मामले में एडीजे देवेंद्र नाथ सिंह की अदालत में बुधवार को 21वें गवाह ने अपने बयान दर्ज कराए। इसमें जिरह भी पूरी हो चुकी है। बृहस्पतिवार को भी सुनवाई होगी। 22वें गवाह के रूप में दिलबाग सिंह को पेश किया जाएगा।
अभियोजन पक्ष ने बुधवार को मौके पर चोटिल होने वाले गवाह गुरजीत सिंह को पेश किया। उन्होंने अपने बयान में बताया कि किसानों के प्रदर्शन के बीच वह रामपुर जिले से कारसेवा में आए थे। वहां तीन अक्तूबर, 2021 को तिकुनिया में हुई वारदात में वह जख्मी हुए थे। इसमें उन्होंने पुलिस को अपने पहले के बयान की भी जानकारी दी। बचाव पक्ष के अधिवक्ताओं ने लंबी जिरह की।
इसके बाद अदालत में अगली गवाही के लिए दिलबाग सिंह को पेश करने की बात अभियोजन पक्ष ने कही है। अदालत ने बृहस्पतिवार को भी सुनवाई जारी रखने का आदेश दिया है।