लखीमपुर खीरी। तिकुनिया हिंसा कांड की सुनवाई के दौरान शुक्रवार को जिला जज शिवकुमार सिंह की अदालत में तत्कालीन एसडीएम अखिलेश यादव से बचाव पक्ष की ओर से जिरह पूरी की गई। अदालत में अगली गवाही तत्कालीन सीओ संजयनाथ तिवारी की दर्ज कराई गई।
उनसे बचाव पक्ष ने जिरह शुरू की, लेकिन अदालत का समय पूरा होने तक जिरह अधूरी रहने के कारण 27 मई की तिथि अगली सुनवाई के लिए तय की गई है। शुक्रवार को अभियोजन पक्ष ने तलब किए गए गवाहों में से तत्कालीन एसडीएम अखिलेश यादव को पेश किया। उनकी जिरह चल रही थी, जिसमें बचाव पक्ष की ओर से आरोपियों के वकीलों ने एक एक-कर उनसे सवाल पूछे, जिसके बाद उनकी गवाही पूरी हो गई।
अभियोजन पक्ष ने अगले गवाह के रूप में तत्कालीन सीओ संजयनाथ तिवारी को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये पेश किया। उनसे जिरह के दौरान बचाव पक्ष ने गवाही की निष्पक्षता पर सवाल उठाए। साथ ही घटना नहीं देख पाने की दलील भी दी।