खेत में गन्ने की पत्ती काट रही थीं महिलाएं
वर्तमान में नेपाल सीमा से सटी तराई में किसान और मजदूर बेखौफ होकर भट्ठों पर ईंट पथाई, गन्ने की छिलाई और खेतों में मजदूरी कर रहे थे। शनिवार शाम करीब सवा पांच बजे गन्ने के खेत में अगेड़ी (पत्ती) काट रही ऊषा देवी और गूंधनी देवी पर अपने शावकों के साथ घूम रही बाघिन ने अचानक हमला कर दिया। हमले के दौरान तेंदुआ ऊषा देवी को गन्ने के खेत में खींच ले गया, जबकि साथ में गन्ना काट रही गूंधनी देवी जान बचाकर भागी और भट्ठे के पास पहुंचकर बदहवास होकर गिर पड़ी।
घटना के बाद खेतों में काम कर रहे किसान और मजदूर भयभीत हो गए। कई जगह काम ठप हो गया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम और बेलरायां चौकी इंचार्ज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एहतियातन क्षेत्र की घेराबंदी कर लोगों को बाहर निकाल दिया गया। वन विभाग ने रात में सघन तलाशी के लिए थर्मल ड्रोन मंगवाया। 12 घंटे बाद ऊषा देवी का शव बरामद हो सका। घटना के बाद ग्रामीणों ने सुरक्षा के ठोस इंतजाम और क्षेत्र में नियमित गश्त की मांग की है।