मझगईं। बेला चौराहे पर शनिवार रात एक बाघ अचानक बाइक सवार के सामने आ गया। उसने मौके से किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। वहीं, बाघ ने एक आवारा कुत्ते को शिकार बना लिया। इससे क्षेत्र में दहशत फैली हुई है।
क्षेत्र के बेलाकलां निवासी दिलीप कुमार के मुताबिक, शनिवार रात उसकी मां की तबीयत खराब थी। बाइक से वे मां को इलाज के लिए पलिया लेकर जा रहे थे, तभी बेला चौराहे पर खड़े बाघ को देखकर उनके होश उड़ गए और उन्होंने किसी तरह से बाइक घुमाकर अपनी व मां की जान बचाई।
बाघ ने पास में ही एक आवारा कुत्ते का शिकार किया और उसे गन्ने के खेत में उठाकर ले गया। ग्रामीण वेदराम, हसनैन, शक्ति, निहाल, रियाजुल, विक्रम, रमेश, अजीजुर्रहमान, हरेश्याम, सरवन मौर्य आदि ग्रामीणों ने बताया कि बीते कई दिनों से कहीं बाघ तो कहीं तेंदुआ ग्रामीणों की दहशत बढ़ा रहा है। इसके कारण ग्रामीण खेतों पर नहीं जा पा रहे हैं।
ग्रामीणों ने हिंसक वन्यजीवों से निजात दिलाने की मांग की है। मझगईं रेंजर अंकित सिंह ने बताया कि ऐसी कोई सूचना नहीं मिली है, फिर भी स्टाफ को भेजकर दिखवाया जाएगा।