ममरी (लखीमपुर खीरी)। गुरुवार की रात महेशपुर रेंज के जंगल से तीन किमी दूर हैदराबाद थाना क्षेत्र के गांव नरसिंहपुर, बंजारगंज के मध्य झाबर के पास बाघ गन्ने के खेतों में गुर्राता रहा, जिससे ग्रामीणों में दहशत है। शुक्रवार सुबह पहुंचे वनकर्मियों ने झाबर के पास निरीक्षण किया लेकिन उन्हें बाघ की लोकेशन नहीं मिली।
नरसिंहपुर बंजारगंज, बुधेलीनानकार के ग्रामीणों का कहना है कि तीनों गांव के बीच झाबर है। जिसके आसपास गन्ना खड़ा है। गुरुवार की रात बाघ की गुर्राहट की आवाज आती रही। बुधेलीनानकार में हुई बाघ के हमले की घटना से डरे सहमे ग्रामीणों की सूचना पर शुक्रवार को मौके पर पहुंचे जगदीश वर्मा, अजित सिंह, अनिल चौहान आदि वनकर्मियों ने झाबर के पास बाघ की लोकेशन ट्रेस की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। वनकर्मियों का कहना है कि बाघ शिकार का पीछा करते हुए झाबर के पास जा पहुंचा होगा जो वापस जंगल चला गया है। जिसकी निगरानी हो रही है। उन्होंने गांव वालों को गन्ने की छिलाई सावधानी से करने की सलाह दी है।
जंगल में पेड़ पर धूप सेंकता दिखाई दिया विशालकाय अजगर
दुधवा नेशनल पार्क की दक्षिण सोनारीपुर रेंज में स्थित एक पेड़ पर वनकर्मियों को एक अजगर दिखाई दिया। वनकर्मियों का कहना है कि अजगर काफी लंबा था और जंगल के ठंडे वातावरण में पेड़ पर चढ़कर धूप सेंक रहा था।
दुधवा नेशनल पार्क अपने अलौकिक वातावरण व यहां पाए जाने वाले वन्यजीवों को लेकर विदेशों तक काफी प्रसिद्ध है। देश-विदेश से यहां हजारों की संख्या में सैलानियों का तांता लगा रहता है। यहां कई प्रकार के सांपों का भी बसेरा है। पार्क की दक्षिण सोनारीपुर रेंज का स्टाफ गश्त कर रहा था तब उसको पेड़ पर एक विशालकाय अजगर दिखा। संवाद