ममरी। मोहम्मदी रेंज के बाघ प्रभावित क्षेत्र में कांबिंग कराने को दुधवा पार्क से आए हाथी सुंदर, हथनी डायना के शुक्रवार को वापस चले जाने के बाद वन कर्मियों ने लगे कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।
रेंजर मोवीन आरिफ ने बताया कि दहशत की स्थिति सामान्य होने पर दोनों हाथी शुक्रवार को वापस दुधवा चले गए थे, लेकिन बाघ प्रभावित क्षेत्र के कई स्थानों पर कैमरे अभी भी लगे हुए हैं। अब वनकर्मी दिन बाघों का मूवमेंट तलाशने के लिए कैमरों की फुटेज खंगाल रहे हैं, लेकिन किसी भी कमरे में बाघ की तस्वीर कैद नहीं हो रही है। बताया कि बाघ को ट्रेंक्युलाइज करने को लगाए गए पिंजड़े भी हटा लिए गए हैं। यदि स्थिति इसी तरह सामान्य रही तो कैमरे भी हटा लिए जाएंगे, क्योंकि अब किसी स्थान से बाघ के दिखने या हमले की सूचना नहीं मिल रही है। वनकर्मी जगदीश वर्मा ने बताया कि वह टीम के साथ रोजाना कैमरों की फुटेज खंगाल रहे हैं, लेकिन बाघ की गन्ने के खेतों में कहीं लोकेशन नहीं मिल रही है इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि दो महीने से दहशत का पर्याय बने बाघ जंगल में चले गए हैं।