फरधान। थाना क्षेत्र में एक महिला ने घर के अंदर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिवार वालों का कहना है कि महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। बाद में पुलिस को सूचना दिए बगैर परिवार वालों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
गांव अल्लीपुर गांव निवासी संजय राज ने बताया कि वह शनिवार की दोपहर खेत पर काम करने चले गए। घर पर पत्नी रामदेवी (40) थी। खेत से वापस आए तो देखा पत्नी का शव कमरे की छत में कुंडे से लटक रहा था। पहने हुई साड़ी के पल्लू का एक हिस्सा उसकी गर्दन में कसा था। पत्नी को फंदे पर लटका देख घर में कोहराम मच गया। घर वालों के मुताबिक रामदेवी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती थी। कुछ दिन पहले भी उसने फंदा लगाकर आत्महत्या की कोशिश की थी। घर वालों ने घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी। ग्राम प्रधान और रामदेवी के मायके वालों की सहमति से परिजन ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। प्रभारी निरीक्षक विमल गौतम ने बताया महिला के फंदा लगाने की जानकारी तो मिली है, लेकिन परिजन ने अब तक कोई सूचना नहीं दी है।