फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lakhimpur Kheri: गन्ने के खेत में मजदूर पर बाघ ने किया हमला, किसानों ने बचाई जान; घटना से इलाके में दहशत

Sat, 10 Jan 2026 05:32 PM IST
मुकेश कुमार संवाद न्यूज एजेंसी, लखीमपुर खीरी

सार

लखीमपुर खीरी जनपद के मझगईं वन रेंज के बेला कलां क्षेत्र में शनिवार को बाघ ने दहशत फैला दी। बाघ ने गन्ने के खेत में काम कर रहे मजदूर पर हमला कर दिया, जिससे मजदूर घायल हो गया। आसपास खेतों में मौजूद किसानों ने शोर मचाकर मजदूर को बचाया। घटना के बाद से इलाके में दहशत है। 
विज्ञापन
बाघ (सांकेतिक तस्वीर) - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

लखीमपुर खीरी के दुधवा टाइगर रिजर्व के मझगईं वन रेंज के अंतर्गत आने वाले बेला कलां क्षेत्र में बाघ का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को गन्ना छीलने गए 60 वर्षीय मजदूर पर बाघ ने हमला कर दिया। किसानों के साहस और शोर-शराबे के कारण बाघ मजदूर को छोड़कर जंगल की ओर भाग निकला। घायल मजदूर को गंभीर अवस्था में पलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। 

विज्ञापन


बेलाकलां निवासी वाजिद अली (60 वर्ष) गांव के ही अरुण सिंह के खेत में मजदूरी पर गन्ना छीलने गए थे। दोपहर के समय जब वह काम कर रहे थे कि तभी झाड़ियों से निकलकर आए बाघ ने अचानक उन पर हमला बोल दिया। बाघ ने वाजिद की पीठ और हाथ पर अपने पंजों से गहरे घाव कर दिए। चीख-पुकार सुनकर पास के खेतों में काम कर रहे अन्य मजदूर और किसान हाथों में गन्ना लेकर बाघ की ओर दौड़े और शोर मचाया। इस पर बाघ वाजिद को छोड़कर गन्ने के खेत में ओझल हो गया। 

घटना के बाद इलाके में दहशत 
किसानों ने घायल के परिजनों को सूचना दी। ग्रामीणों की मदद से घायल वाजिद अली को पलिया सीएचसी ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत फैली हुई है। किसान खेतों पर जाने से कतरा रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि बाघ को जल्द से जल्द पकड़ कर आबादी वाले क्षेत्र से दूर भेजा जाए ताकि लोग सुरक्षित होकर खेतीबाड़ी कर सकें।
विज्ञापन


मझगईं रेंजर अंकित सिंह ने बताया कि क्षेत्र में बाघ की मौजूदगी को देखते हुए पहले से ही पिंजरा लगाया गया है। शनिवार सुबह भी बाघ को क्षेत्र में देखा गया था। वन विभाग की टीम लगातार गश्त कर रही है। घटनास्थल का निरीक्षण कर वहां भी पिंजरा लगाया जाएगा और ग्रामीणों को समूह में निकलने की सलाह दी गई है।
विज्ञापन


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें