मैलानी। गोमतीनगर-पीलीभीत रेलखंड पर चलाए गए बस रेड टिकट चेकिंग अभियान में 56 बेटिकट और अनियमित यात्री पकड़े गए।
जनसंपर्क अधिकारी लखनऊ महेश गुप्ता ने बताया कि गोमतीनगर और माेहिबुल्लापुर स्टेशनों पर गाड़ी संख्या 15114 छपरा जंक्शन-गोमतीनगर एक्सप्रेस, 15009 गोरखपुर-इज्जतनगर एक्सप्रेस, 15053 छपरा जंक्शन-लखनऊ जंक्शन एक्सप्रेस और ट्रेन नंबर 55087 मैलानी-डालीगंज पैसेंजर में सघन टिकट चेकिंग की गई।
पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक आशुतोष गुप्ता के निर्देशन में की गई जांच में 56 बिना टिकट और अनियमित यात्री पकड़े गए, जिनसे 19 हजार 365 रुपये रेल राजस्व अर्जित किया गया। नौ यात्रियों का रेलवे मजिस्ट्रेट के समक्ष ट्रायल कराया गया।
चेकिंग के दौरान महिला कोच में अनधिकृत रूप से यात्रा कर रहे पुरुष यात्रियों को उतारकर जनरल कोच में भेजा गया। स्लीपर और तृतीय एसी श्रेणी में अनियमित रूप से यात्रा कर रहे दैनिक यात्रियों पर जुर्माना लगाते हुए वाणिज्य चेकिंग टीम ने सभी को भविष्य में बिना टिकट या अनियमित रेल यात्रा न करने के लिए सख्त हिदायत दी। संवाद