कई जगह छप्पर उड़े, पेड़ गिरने से रास्ते हुए बाधित
लखीमपुर खीरी। शनिवार रात को आई आंधी में देहात क्षेत्र की बिजली गुल हो गई। कई घरों में पड़े छप्पर और टिन उड़ गए। बिजली के तार टूटने और पोल ढहने से गई बिजली रविवार दोपहर बाद आई। कई स्थानों पर पेड़ टूटकर गिरने से रास्ते भी बाधित हुए हैं।
बांकेगंज। बीती देर शाम कस्बा समेत क्षेत्र में आई तेज आंधी के चलते बांकेगंज इलाके के कई गांवों की बिजली गुल हो गई। तेज आंधी से कई जगह बिजली पोल टूट गए तो कई जगह लाइन पर पेड़ों की डाल गिरने से तार टूट गए, जिसके कारण बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
शनिवार देर शाम अचानक आई तेज आंधी और पानी से हरदुआ, जटपुरा और आजाद नगर गांव के बीच एक दर्जन से अधिक बिजली को पोल टूट गए। कई जगहों पर बिजली की लाइन पर पेड़ों की डाले गिर गईं। तार टूटने से संबधित गांवों की बिजली गुल हो गई। आंधी थमने के बाद बांकेगंज और आसपास के गांवों में तो बिजली आपूर्ति बहाल हो गई, लेकिन अब भी हरदुआ, जटपुरा और आजाद नगर गांवों में अंधेरा है।
जेई राजीव कुमार ने बताया कि आंधी से बिजली पोल और तार टूटने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हुई है। उन्होंने बताया कि आंधी में क्षतिग्रस्त हुए पोलों और तारों को बदलवाने के लिए एसडीओ ( विद्युत) गोला को पत्र लिखा गया है। कार्यदायी संस्था द्धारा क्षतिग्रस्त बिजली लाइन की मरम्मत करवाने के बाद ही संबंधित गांवों की बिजली आपूर्ति बहाल होगी।
मैलानी। शनिवार की रात दस बजे यहां मौसम का मिजाज बदला और अचानक तेज आंधी आ गई। थोड़ी देर बाद आंधी के साथ ही मूसलाधार बारिश भी शुरू हो गई। आंधी के दौरान बाधित हुई बिजली पूरी रात नहीं आई। फाल्ट दूर होने के बाद रविवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे बिजली दोबारा बहाल हुई।
बिजुआ। शनिवार की देर शाम आई भयंकर आंधी से बिजली की लाइन पर पेड़ गिर जाने बिजुआ क्षेत्र के सैकड़ों गांवों की बिजली गुल रही। रविवार को दिन में तीन बजे बिजली सप्लाई चालू हो पाई।
गोला गोकर्णनाथ। शनिवार की रात आई आंधी में ग्राम पंचायत कुकरा के रईस आलम अंसारी का छप्पर नुमा घर, ग्राम पंचायत जटपुरा निवासी निजमुद्दीन, राम पाल, सुधीर, नंद किशोर के छप्परनुमा घर और टिन शेड उड़ गए। निजमुद्दीन का पक्का मकान की दीवार गिर गई। आंधी में पीड़ितों का लाखों का नुकसान हो गया है। सूचना देने के बाद भी तहसील प्रशासन की ओर से कोई भी कर्मचारी मौका मुआयना करने नहीं पहुंचा है।