तय लक्ष्य से अधिक किशोर और युवाओं ने कराया वैक्सीनेशन
लखीमपुर खीरी। जिले में किशोर-किशोरियों से लेकर युवाओं का वैक्सीनेशन निर्धारित लक्ष्य से ज्यादा हुआ है। 15 से 17 और 18 से अधिक उम्र के लोगों के वैक्सीनेशन का प्रतिशत 104 है। किशोर-किशोरियों के टीकाकरण में अपना जिला टॉप टेन में शामिल है, युवाओं के वैक्सीनेशन में 12वें नंबर पर है।
शासन की ओर से वैक्सीनेेशन की मंजूरी मिलते ही उत्साहित युवाओं और किशोरों ने बूथों पर जाकर सुरक्षा कवच धारण कर लिया। हालांकि इसके लिए स्कूलों से लेकर सरकारी अस्पतालों में भी बूथ लगाए गए। कोरोना महामारी से बचने के लिए उत्साहित युवाओं ने पहली डोज लगवाने के मामले में निर्धारित लक्ष्य को भी पार कर दिया। वहीं 15 से 17 साल तक के 47.5 प्रतिशत लोगों ने और 18 साल तक के 88.94 प्रतिशत लोग दूसरी डोज लगवा चुके हैं।
उम्र- लक्ष्य- टीकाकरण- प्रतिशत
15 से 17- 282033- 295248- 104.7
18 से अधिक-2749495-2883983-194.9
दूसरी डोज की तिथि निकलने पर भी लगवा सकते हैं वैक्सीन
स्वास्थ्य विभाग के लोग बताते हैं कि यदि किसी के निर्धारित तिथि पर दूसरी डोज नहीं लग पाई है तो भी वह किसी भी दिन नजदीकी बूथ पर जाकर वैक्सीन लगवा सकता है। दोनों दोज लगनी बेहद जरूरी हैं। इसलिए इसमें किसी प्रकार की कोताही न करें। वहीं 60 साल से अधिक उम्र के ऐसे लोग, जिन्हें दूसरी डोज लगे नौ महीने हो गए हैं वह नजदीकी सरकारी अस्पताल जाकर बूस्टर यानी तीसरी डोज अवश्य लगवा लें।
कोरोना से टीका ही बचाएगा
छात्रा सुधा जायसवाल बताती हैं कि जैसे ही 18 से अधिक उम्र के लोगों के वैक्सीन लगने की शुरूआत हुई दूसरे दिन ही बूथ पर जाकर टीका लगवा लिया। घर में भी सबका टीकाकरण हो चुका है। इसे लगवाने से किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं हुई। कोरोना से बचाव का यही एक उपाय है। इसलिए बूथ पर जाकर वैक्सीन जरूर लगवाएं।
छात्रा सीमा मिश्रा ने बताया कि हमने वैक्सीन की दोनों डोज लगवा ली हैं। घर के हर सदस्य का टीकाकरण हो चुका है। यह अत्यंत जरूरी भी है, क्योंकि तीनों लहर में कोरोना ने तमाम लोगों को जीवन पर्यंत न भरने वाले जख्म दिए। इस महामारी से वैक्सीन ही बचाएगी। टीका लगने से किसी तरह की परेशानी नहीं होती है।
सभी लोग वैक्सीनेशन अवश्य करवा लें। जो लोग निर्धारित तिथि पर दूसरी डोज नहीं लगवा पाए हैं वह सभी नजदीकी बूथ पर जाकर वैक्सीन लगवा लें, क्योंकि टीकाकरण ही कोरोना बचाव है। इसके लिए जिले भर में सरकारी अस्पतालों में रोजाना वैक्सीनेशन हो रहा है।
- डॉ. अनिल कुमार गुप्ता, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी