महेवागंज। चोरी की साजिश रच रहे जिले के टॉप टेन में शामिल तीन शातिर अपराधियों को फूलबेहड़ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से एक तमंचा, कारतूस और नकबजनी का सामान भी बरामद हुआ है।
क्षेत्र के गांव पिपरा गूम के पास अंधेरे में शारदा नदी के कछार में तीनों बैठे थे। संदिग्ध नजर आने पर पुलिस ने घेराबंदी कर फूलबेहड़ क्षेत्र के गांव राजापुर निवासी सद्दाम उर्फ शब्बन, मौलापुरवा निवासी शान मोहम्मद और चांद मोहम्मद को पकड़ लिया। उनके पास से तीन तमंचे, कारतूस, एक प्लास, कटर, एक टाॅर्च, एक चाबी का छल्ला, मोमबत्ती और माचिस बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, तीनों हिस्ट्रीशीटर अपराधी हैं।
प्रभारी निरीक्षक फूलबेहड़ अवधराज सिंह सेंगर ने बताया कि सद्दाम उर्फ शब्बन के खिलाफ निघासन, नीमगांव, कोतवाली सदर, लहरपुर सीतापुर, मैगलगंज, फूलबेहड़, पलिया, मैलानी और फरधान थानों में लूट, चोरी, डकैती, हत्या का प्रयास, पुलिस मुठभेड़, गैंगस्टर समेत 26 संगीन मुकदमे दर्ज हैं। शान मोहम्मद के खिलाफ सिंगाही और फूलबेहड़ में लूट, छिनैती तथा चोरी के आठ मुकदमे दर्ज हैं। चाद मोहम्मद के खिलाफ डकैती, नकबजनी और गैंगस्टर सहित तीन मुकदमे दर्ज हैं।