थाना क्षेत्र के गांव खमरिया में मंगलवार की रात दबिश के दौरान सिपाहियों और जिला पंचायत सदस्य के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद आपा खोते हुए एक सिपाही ने रायफल तान दी। इससे मामला गर्म हो गया और सैकड़ों की तादाद में जुटे ग्रामीणों ने सिपाहियों को घेर लिया। सीओ धौरहरा मनोज यादव और एसओ ईसानगर गांव पहुंचे और समझाकर मामला शांत कराया, जिसके बाद सीओ की रिपोर्ट पर एसपी अरविंद सेन ने दोनों सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया है।
खमरिया निवासी रमेेश गुप्ता की पत्नी ने अपने पति के खिलाफ पुलिस चौकी में शिकायत की थी, जिसके बाद मंगलवार की देरशाम सिपाही मनबोध यादव और संदीप सिंह आरोपी पति को पकड़ने के लिए गांव पहुंचे। मकान आसपास होने के वजह से सिपाही आरोपी रमेश गुप्ता के बजाय पड़ोस में रहने वाले जिला पंचायत सदस्य अनिल गुप्ता के चाचा बलराम किशोर गुप्ता के घर घुस गए। इसके बाद जिला पंचायत सदस्य अनिल गुप्ता ने सिपाहियों के इस कृत्य पर विरोध जताया तो दोनों पक्षों में विवाद हो गया, जिसके बाद सिपाही मनबोध यादव ने जिला पंचायत सदस्य पर रायफल तान दी। आरोप है कि सिपाही ने फायर भी किया, जो मिस हो गया। इस विवाद के दौरान तमाम ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और जिला पंचायत सदस्य ने ग्रामीणों सहयोग से सिपाहियों को रोक लिया। जिला पंचायत सदस्य ने मामले की जानकारी सीओ और एसपी को दी, जिसके बाद सीओ धौरहरा मनोज यादव और एसओ रामकुमार मौके पर पहुंचे। सीओ ने समझाकर मामला शांत करा दिया और घटना की रिपोर्ट एसपी को दी। मोगलवार देररात एसपी अरविंद सेन ने दोनों सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया।