लखीमपुर खीरी। गुरुनानक स्पोर्ट्स एकेडमी में निशुल्क हॉकी प्रशिक्षण ले रहे तीन खिलाड़ियों का चयन लखनऊ मंडल की सीनियर हॉकी टीम में हुआ है। सूर्यांश वर्मा, नितिन राठौर और प्रवीण गुप्ता वाराणसी में 28 सितंबर से तीन अक्तूबर तक हो रही सीनियर स्टेट चैंपियनशिप में मंडल का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
लखीमपुर हॉकी एसोसिएशन की सचिव और गुरुनानक स्पोर्ट्स एकेडमी की फाउंडर तृप्ति अवस्थी ने खिलाड़ियों के चयन की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एकेडमी खिलाड़ियों को खेल के माध्यम से बेहतर भविष्य बनाने के लिए तैयार कर रही है। खिलाड़ियों की मेहनत और प्रशिक्षण का परिणाम है कि उन्हें सीनियर स्तर की प्रतियोगिता में खेलने का अवसर मिला है।
-
सीनियर स्टेट चैंपियनशिप में खेलने का अवसर मिलना मेरे लिए महत्वपूर्ण है। एकेडमी में मिले प्रशिक्षण और कोच के मार्गदर्शन से काफी मदद मिली है। मैदान पर अपना सर्वश्रेष्ठ देने का प्रयास करूंगा।
-नितिन राठौर
-
लखनऊ मंडल की टीम में चयन होना मेरे लिए गर्व की बात है। अब कोशिश रहेगी कि चैंपियनशिप में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर टीम की जीत में योगदान दूं। आगे भी लगातार मेहनत करता रहूंगा।
-सूर्यांश वर्मा
मंडल टीम में जगह मिलने से उत्साह बढ़ा है। प्रतियोगिता में मजबूत टीमों के खिलाफ खेलने का अनुभव मिलेगा। मेरा लक्ष्य बेहतर प्रदर्शन करना और टीम के लिए अधिक से अधिक योगदान देना है।
-प्रवीण गुप्ता