लखीमपुर खीरी के फूलबेहड़ क्षेत्र में शनिवार रात दर्दनाक हादसा हो गया। हाईवे पर जहानपुर चौराहे के पास दोनों बाइकों की जबर्दस्त टक्कर हो गई, जिससे बाइक सवार तीनों लोगों की मौत हो गई।
लखीमपुर खीरी के फूलबेहड़ क्षेत्र में लखीमपुर-पलिया हाईवे पर जहानपुर चौराहे के पास शनिवार देर रात दो बाइकें की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि हादसे में जीजा-साले सहित तीन लोग गंभीर घायल हो गए। पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भिजवाया, जहां इलाज के दौरान तीनों की मौत हो गई।
विज्ञापन
फरधान थाना क्षेत्र के अग्गर बुजुर्ग गांव निवासी अभिषेक कुमार (24) पुत्र रामनरेश अपने बहनोई अवधेश कुमार (32) निवासी धिम्मापुर चौकी रेहरिया थाना मोहम्मदी के साथ रिश्तेदारी में गया था। वहां से वापस आते समय जहानपुर के पास सामने आई रही तेज रफ्तार से बाइक टकरा गई थी।
हादसे में दूसरी बाइक पर सवार अखिलेश मंडल (19) निवासी कृष्णा नगर कालोनी थाना पढ़ुआ भी घायल हुआ था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान तीनों की मौत हो गई। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उधर, तीनों की मौत से मृतकों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।