लखीमपुर खीरी। सदर कोतवाली क्षेत्र में हुए अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में एक महिला सहित एक युवक व एक अधेड़ शामिल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत की खबर मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पहला मामला : थाना खीरी क्षेत्र के गांव सुंडा पटेहरा निवासी राजेंद्र प्रसाद अपनी पत्नी राजकुमारी (45) व बेटे धनीराम के साथ रिश्तेदारी में अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान भंसडिया क्राॅसिंग के पास एक डंपर से उसकी बाइक भिड़ गई। हादसे में राजकुमारी गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस ने घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी मौत हो गई। घटना में पति और बेटा बाल-बाल बच गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
दूसरी घटना : होली मिलकर घर लौट रहे शहर कोतवाली के गांव भगौतीपुर निवासी शिव बालक वर्मा (50) सडक़ हादसे का शिकार हो गए। घटना में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि शिव बालक रिश्तेदारी में होली मिलकर घर लौट रहे थे। जैसे ही शिव बालक देवकली-सैदापुर बाजार के समीप पहुंचा, दुर्घटना का शिकार हो गया। आसपास के लोगों ने घायल शिव बालक शर्मा को सीएचसी फरधान में भर्ती कराया, जहां गंभीर हालत देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालत में कोई सुधार न होने की वजह से जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने लखनऊ रेफर कर दिया। लखनऊ ले जाते समय रास्ते में ही शिव बालक शर्मा की मौत हो गई।
तीसरी घटना रामापुर पेट्रोल पंप के पास की बताई जा रही है। परिजनों ने बताया कि थाना खीरी क्षेत्र के गांव पड़री निवासी अजय कुमार पुत्र जगमोहन अपने भाई अनुज के साथ किसी काम से रामापुर गया था। बताया कि लौटते समय कार का पहिया पंक्चर हो गया, जिसे बदलने के लिए वह रामापुर पेट्रोल पंप के आगे रुका था। अजय कार के पहिए को बदल ही रहा था कि तभी तेज रफ्तार बाइक की टक्कर में आकर अजय कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसका छोटा भाई अनुज और बाइक सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए भर्ती कराया है, वहीं शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है।
फोटो- 23
रेहुआ-सरसवा मार्ग पर पुलिया
के नीचे मिला युवक का शव
धौरहरा। धौरहरा कोतवाली के रेहुआ-सरसवा मार्ग पर पुलिया के नीचे एक युवक का शव पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
धौरहरा कोतवाली के ग्राम ढिहुआ कलां निवासी कौशल किशोर के पुत्र गुड्डू (33) का शव रेहुआ सरसवा मार्ग पर पुलिया के नीचे पड़ा मिला। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। परिजनों के पहुंचने पर पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का मानना है, कि युवक की मौत अत्याधिक शराब पीने या दुर्घटना से हुई है। हालांकि, उसके शरीर पर कोई जाहिरा चोट के निशान नहीं हैं। प्रभारी निरीक्षक सुरेश मिश्र ने बताया कि पोस्टमॉर्टम के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। संवाद