मितौली। पुलिस और बदमाशों के बीच शनिवार तड़के हुई मुठभेड़ में एक बदमाश घायल हो गया। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अवैध बंदूक, कारतूस, चोरी की नकदी, कपड़े और एक कार बरामद की है।
सीओ मितौली यादवेंद्र यादव ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 4:35 बजे दतेली-अवगावां के बीच नहर पुलिया पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश की पहचान सूरज निवासी थाना कोतवाली नगर, जिला सीतापुर के रूप में हुई।
पुलिस ने उसके साथ अबरार निवासी ग्राम सिसौआ थाना रोजा जिला शाहजहांपुर और अशोक कुमार निवासी ग्राम कमईपुर थाना हरगांव जिला सीतापुर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी कई जिलों में चोरी, नकबजनी और भैंस चोरी की घटनाओं में शामिल रहे हैं। घायल सूरज को जिला अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध 12 बोर बंदूक, कारतूस, 18 हजार रुपये नकद, पीली धातु के बर्तन, साड़ियां, कपड़े, रस्सी और आई-10 कार बरामद की है। तीनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।