गौरीफंटा में ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किए गए चार अभियुक्त। स्रोत एसएसबी
गौरीफंटा/पलियाकलां। 39वीं वाहिनी एसएसबी गदनियां और गौरीफंटा पुलिस ने सरियापारा के पिलर संख्या 745/2 के पास चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक भारतीय और तीन नेपाली युवक शामिल हैं।
इनके कब्जे से टीमों ने ब्राउन शुगर, डिजिटल कांटा, नेपाली मुद्रा व बाइक भी बरामद की है। एसएसबी द्वारा सीजर बनाकर गौरीफंटा पुलिस के सुपुर्द किया गया है। वहीं गौरीफंटा पुलिस ने अभियुक्तों का एनडीपीएस एक्ट के तहत चालान किया है।
एसएसबी 39वीं वाहिनी के कमांडेंट रवींद्र कुमार राजेश्वरी ने बताया कि सीमा चैकी सरियापारा की टीम व गौरीफंटा पुलिस के कोतवाल अवधेश कुमार यादव व पुलिस टीम ने संयुक्त गश्त के दौरान सरियापारा में पिलर संख्या 745/2 से 900 मीटर भारत की तरफ चार लोगों को शक के आधार पर पकड़ा।
तलाशी लेने पर उनके पास से आठ ग्राम 260 मिलीग्राम ब्राउन शुगर, एक बाइक और करीब आठ हजार रुपये की नेपाली करेंसी बरामद की।इसके अलावा डिजिटल तराजू भी बरामद किया है। पूछताछ में भारतीय युवक ने अपना नाम आजाद सिंह राना निवासी सरियापारा व नेपाली युवकों ने अपना नाम दीपेंद्र चौधरी, दाताराम राना, राज चौधरी बताया है।
इसमें दाताराम मनहेरा व दीपेंद्र व राज गोदावरी नगर पालिका के निवासी बताए गए हैं। चारों अभियुक्तों का बरामद माल समेत एसएसबी ने सीजर बनाकर गौरीफंटा पुलिस के सुपुर्द किया है।
उधर, गौरीफंटा कोतवाल अवधेश कुमार यादव ने बताया कि संयुक्त कार्रवाई के दौरान पकड़े गए अभियुक्तों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करते हुए उनका चालान किया गया है।