भीरा। लखीमपुर-भीरा राज्यमार्ग पर सोमवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों में एक किशोर भी शामिल है। घायल को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
थाना भीरा क्षेत्र के ग्राम राड़ा देवरिया निवासी तौहीद (20) पुत्र मुजिम और अरबाज (14) पुत्र मुबारिक एक मोटरसाइकिल से लखीमपुर-भीरा मार्ग पर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से दूसरी बाइक पर अमरीश (20) पुत्र बालकराम निवासी हरैया थाना भीरा और पवन (30) पुत्र श्रीपाल निवासी तिखड़ा थाना भीरा आ रहे थे।
मूसेपुर स्थित पीके इंटर कॉलेज के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एम्बुलेंस से बिजुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। वहां डॉक्टरों ने अमरीश कुमार, तौहीद और अरबाज को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल पवन की हालत नाजुक देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।