बिजुआ। भीरा थाना क्षेत्र के पड़रिया तुला कस्बे में बृहस्पतिवार देर रात एक तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आकर तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
यह हादसा रात करीब 10:30 बजे हुआ। एक तेज रफ्तार बाइक ने सड़क पर पैदल चल रहे युवक को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में बाइक पर सवार दो लोग और पैदल चल रहा युवक गंभीर रूप से चोटिल हो गया। पड़रिया तुला पुलिस चौकी की टीम सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची। एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को बिजुआ सीएचसी पहुंचाया गया। पुलिस ने उनके परिजनों को भी घटना की जानकारी दी।
घायलों की पहचान बाइक सवार दीपू कुमार निवासी रैनागंज और विनय निवासी रामनगर कलां के रूप में हुई है। पैदल चल रहे घायल युवक का नाम संतोष राठौर है, जो पड़रिया तुला का निवासी है। बिजुआ सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने तीनों घायलों को जिला अस्पताल भेज दिया।