लखीमपुर खीरी। परिवहन विभाग ने रविवार को दुधवा टाइगर रिजर्व (डीटीआर) क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित जिप्सियों के खिलाफ अभियान चलाकर तीन जिप्सियां सीज कर दीं। ये वाहन निजी श्रेणी में पंजीकृत थे, लेकिन उनसे पर्यटकों को सफारी कराई जा रही थी।
जिप्सियों में सवार पर्यटकों को दूसरे वाहन से भेजा गया और तीनों वाहनों को पलिया थाने में सीज कर दिया गया। प्रवर्तन अधिकारी डॉ. कौशलेंद्र ने बताया कि दुधवा टाइगर रिजर्व के अधिकारियों से कहा गया कि केवल व्यावसायिक पंजीकरण वाली जिप्सियों का ही संचालन कराया जाए, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने वन विभाग से भी सहयोग की अपील की।
उन्होंने बताया कि केवल व्यावसायिक वाहन के रूप में पंजीकृत जिप्सियों को ही पर्यटकों की सफारी की अनुमति दी जाएगी। निजी उपयोग के लिए पंजीकृत वाहनों से पर्यटकों को सफारी कराने की अनुमति नहीं है। अभियान के दौरान पलिया-संपूर्णानगर मार्ग पर नौ ई-रिक्शा भी सीज किए गए।