लखीमपुर खीरी जिले के चंदन चौकी क्षेत्र के एक कंपोजिट विद्यालय में तैनात शिक्षक पर तीन छात्राओं से छेड़खानी और विरोध करने पर मारपीट का आरोप लगा है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। इस मामले में पुलिस जांच कर रही है।
छात्राओं के अभिभावकों ने थाना चंदन चौकी में दी गई शिकायत में आरोप लगाया है कि शिक्षक सुनील कुमार सिंह छात्राओं के साथ अशोभनीय व्यवहार करता है। आरोप है कि वह छात्राओं को गलत तरीके से छूता और आपत्तिजनक हरकतें करता था। अभिभावकों का कहना है कि जब छात्राओं ने छेड़छाड़ का विरोध किया तो शिक्षक ने उन्हें पीटा। स्कूल की कुल नौ छात्राएं पीड़ित हैं।
पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज
पुलिस क्षेत्राधिकारी जितेंद्र परिहार ने रिपोर्ट दर्ज होने की पुष्टि करते हुए कहा कि तीन छात्राओं के बयान दर्ज किए जा चुके हैं। मूल रूप से गाजियाबाद निवासी आरोपी शिक्षक सुनील कुमार सिंह के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि सभी छात्राएं कक्षा छह, सात और आठ में पढ़ती हैं।
विभाग भी करेगा कार्रवाई
बीईओ पलियाकलां रमन सिंह ने कहा कि छात्राओं के साथ छेड़खानी का मामला संज्ञान में आया है। बुधवार को स्कूल जाकर जांच की जाएगी। इसके साथ ही उच्चाधिकारियों को घटना से अवगत कराकर शिक्षक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी। बता दें कि विद्यालय में करीब डेढ़ सौ विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। आरोपी करीब दो साल पहले म्युचुअल ट्रांसफर के माध्यम से धौरहरा क्षेत्र से यहां आया था।