सिकंदराबाद। नीमगांव क्षेत्र के बेलहरी गांव में शनिवार देर रात जैसे ही तीन सहेलियों के शव पहुंचे तो गांव में मातम छा गया। पूरी रात चीख-पुकार की आवाजें गांव के सन्नाटे को चीरती रहीं। सुबह होते ही जैसे तीनों के जनाजे सुपुर्द-ए-खाक के लिए ले जाए गए तो आसपास के गांव उमड़ पड़ा। हर किसी की आंखें नम दिखीं।
शनिवार को बेलहरी गांव निवासी साहिबा (17), खदीजा (13) व दरक्शा (18) स्कूटी से सीजीएन पीजी कॉलेज से वापस लौट रहीं थीं। तभी हैदराबाद थाना क्षेत्र में गोला-खुटार हाईवे पर तेज रफ्तार कंटेनर ने उनकी स्कूटी को रौंद दिया। घटना में तीन सहेलियों की दर्दनाक मौत हो गई। तीनों के शव पोस्टमाॅर्टम के बाद शनिवार देर रात उनके घर पहुंचे तो परिजनों में कोहराम मच गया।
क्षेत्र के आस-पास के गांव के ग्रामीण भी बिलहरी गांव में उमड़ पड़े। तीनों सहेलियों के जनाजे जैसे ही उठाए गए तो पूरे गांव की आंख नम हो गईं। तीनों के शवों को मस्जिद लाया गया, जहां नमाज के बाद शवों को कब्रिस्तान ले जाया गया। इस दौरान पूर्व विधायक गोला विनय तिवारी परिजनों को ढांढस बंधाया।