- चुनावी वर्ष में अखिलेश सरकार मेहरबान
- शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को मिलेगी पेंशन
चालू वित्तीय वर्ष में करीब 81 हजार लोगों को समाजवादी पेंशन का लाभ मिल चुका है। अब नए वित्तीय वर्ष में जिले के 15 हजार और लोगों को समाजवादी पेंशन मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। चुनावी वर्ष में अखिलेश सरकार ने समाजवादी पेंशन के लाभार्थियों की संख्या बढ़ाने का संकेत दिया है। समाज कल्याण अधिकारी ओपी सिंह ने बताया कि अप्रैल माह में निर्देश प्राप्त होने के बाद समाजवादी पेंशन के पात्र लाभार्थियों के फार्म भरवाने जाने लगेंगे।
बता दें कि समाजवादी पेंशन योजना वर्ष 2014 में शुरू की गई थी। इस वर्ष 76615 पात्र लोगों को समाजवादी पेंशन के लिए चयन कर उन्हें बैंक खाते में पेंशन की धनराशि दे दी गई। वर्ष 2015-16 में इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत 85193 पात्र लोगों को समाजवादी पेंशन के लिए चयनित किया गया है। लेकिन अभी तक 81204 लाभार्थियों को समाजवादी पेंशन दी गई है। शेष लाभार्थियों के खाते में पेंशन देने की प्रक्रिया जारी है। अधिकारियों के मुताबिक वर्ष 2016-17 में प्रदेश सरकार करीब 10 लाख लोगों को समाजवादी पेंशन योजना के अंतर्गत पेंशन देने जा रही है, जिसमें जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के पंद्रह हजार पात्र लोगों को योजना का लाभ मिलेगा। समाज कल्याण अधिकारी ओपी सिंह ने बताया कि शहरी क्षेत्र में पेंशन योजना के लिए लोगों की पात्रता की जांच नगर पालिका द्वारा की जाएगी। जबकि ग्रामीण क्षेत्र में ग्राम पंचायत अधिकारी पात्रों की जांच करेंगे। पेंशन योजना का लक्ष्य स्वीकृत होने के बाद इस संबंध में अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए जाएंगे।
बेसलाइन सर्वे का नहीं मिला फायदा
प्रदेश सरकार ने एलान किया था कि प्राइमरी स्कूलों में पढ़ाई करने वाले हष्ट-पुष्ट बच्चों के अभिभावकों को समाजवादी पेंशन में 50 रुपये प्रतिमाह बढ़ा कर धनराशि दी जाएगी। इसके लिए जिले में अधिकारियों की टीम बनाकर बेस लाइन सर्वे कराया गया, लेकिन अभी तक अभिभावकों को समाजवादी पेंशन में सरकार की इस घोषणा का फायदा नहीं मिल सका है।