मैलानी। क्षेत्र के लोगों को मुंबई आने-जाने के लिए एक और रेल सुविधा मिल गई है। रेलवे बोर्ड ने बांद्रा टर्मिनस-गोरखपुर-बोरीवली ग्रीष्मकालीन स्पेशल ट्रेन का एक और फेरा बढ़ाया है।
ट्रेन नंबर 09157 बांद्रा टर्मिनस-गोरखपुर स्पेशल 17 मई को बांद्रा टर्मिनस से रवाना होगी, जबकि ट्रेन नंबर 09158 गोरखपुर-बोरीवली स्पेशल 18 मई को गोरखपुर से चलेगी। ये ट्रेनें मैलानी, सीतापुर, गोंडा समेत कई स्टेशनों से होकर गुजरेंगी।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि ट्रेन नंबर 09157 बांद्रा टर्मिनस से 17 मई को रात 00:30 बजे रवाना होगी। यह बोरीवली, वापी, सूरत, वडोदरा, गोधरा, रतलाम, नागदा, कोटा, सवाई माधोपुर, भरतपुर, मथुरा, हाथरस सिटी, कासगंज, बरेली सिटी, इज्जतनगर और पीलीभीत होते हुए सोमवार सुबह 07:34 बजे मैलानी पहुंचेगी। यहां से चलकर सीतापुर, बुढ़वल, गोंडा, बस्ती और खलीलाबाद होते हुए शाम 17:30 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन नंबर 09158 गोरखपुर-बोरीवली स्पेशल 18 मई को रात 20:30 बजे गोरखपुर से रवाना होगी। यह खलीलाबाद, बस्ती, गोंडा, बुढ़वल, सीतापुर, मैलानी, पीलीभीत, इज्जतनगर, बरेली सिटी, कासगंज, मथुरा, कोटा, नागदा, रतलाम, वडोदरा, सूरत और वापी होते हुए तीसरे दिन सुबह 11:30 बजे बोरीवली पहुंचेगी।
ट्रेन में शयनयान श्रेणी के सात, सामान्य द्वितीय श्रेणी के 13, एलएसएलआरडी का एक और जनरेटर सह लगेज यान का एक कोच समेत कुल 22 कोच लगाए जाएंगे।
लखीमपुर में नहीं रुकेगी ट्रेन
ट्रेन नंबर 09157/09158 बांद्रा टर्मिनस-गोरखपुर-बोरीवली ग्रीष्मकालीन स्पेशल का यह तीसरा फेरा होगा, लेकिन दोनों ट्रेनों का ठहराव लखीमपुर में नहीं रखा गया है। इससे जिला मुख्यालय के यात्रियों को इन ट्रेनों का लाभ नहीं मिल पा रहा है, जबकि पड़ोसी जनपद मुख्यालय पीलीभीत और सीतापुर में इनका ठहराव दिया गया है।क्षेत्रवासियों का कहना है कि रेलवे हर बार केवल एक फेरे की अधिसूचना जारी करता है। अब तक इन ट्रेनों के तीन फेरे चलाए जा चुके हैं। जिले के हजारों मजदूर और कामगार महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में रोजगार के लिए जाते हैं। ऐसे में इन ट्रेनों को नियमित कर दिया जाए तो यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।