मोहम्मदी। क्षेत्र के गांव बड़ेरा में बृहस्पतिवार की रात चोरों ने चार घरों से लाखों का सामान चोरी कर लिया। पीड़ितों ने पुलिस को तहरीर दी है।
बड़ेरा निवासी रामदयाल ने बताया कि घर के लोग दूसरी मंजिल पर सो रहे थे। घर में घुसे चोरों ने बाहर से गमछे से कुंडी बांध दी और चोरी करते रहे। चोर गले का हार, मांग बेदी, कुंडल, 50,000 रुपये और पायल के अलावा लड़की रूबी के जेवर चुरा ले गए हैं। उन्होंने लगभग आठ से 10 लाख का सामान चोरी होने की आशंका जताई है।
इनके अलावा पास में ही आसाराम के घर में भी चोर घुसे, लेकिन इस दौरान उनके घर में एक महिला जाग गई। इससे चोर चोरी नहीं कर पाए और दीवार कूदकर भाग गए। थोड़ी दूरी पर नरेश के घर में घुसकर झाले, झुलनिया, पैंडल और टीका सहित एक लाख से अधिक का सामान चुरा ले गए।
गांव के ही कैलाश के घर में घुसकर चोरों ने 16 हजार नकद, आठ चांदी के सिक्के, झाले, पैंडल और करधनी चुरा ली। इसके बाद राजेंद्र के यहां 14 हजार रुपये, एक साड़ी, कुछ कपड़े, तीन पैंडल और मंगल सूत्र चुरा ले गए।
सूचना मिलने पर सीओ अरुण कुमार, इंस्पेक्टर इंद्रजीत सिंह ने मौके का निरीक्षण किया। चोरों ने गांव राजापुर गांव में भी दो जगह चोरी करने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके। इंस्पेक्टर इंद्रजीत सिंह ने बताया कि मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। चोरी का खुलासा करने के लिए टीम गठित की गई है।
दो बंद घरों से नकदी सहित सामान चोरी
लखीमपुर खीरी। शहर से सटे गांव दउवापुर निवासी राजीव शुक्ला का आवास है। इस आवास पर दिन में तो कोई न कोई रुकता है, जबकि रात को यह बंद रहता है। इसी बात का फायदा उठाते हुए चोरों ने बंद घर को निशाना बनाया। चोर घर के मेन डोर पर लगा आधुनिक सुरक्षा वाला लॉक अपने साथ ले गए। सेंट्रल लॉक तोड़कर उसमें रखे 50 हजार रुपये सहित इंवर्टर, बैट्रा, लोहे का सामान आदि चुरा ले गए।
वहीं दूसरी घटना पं. दीनदयाल के पास की है। यहां पर अवध किशोर जायसवाल का मकान है। मकान पर काम भी चल रहा है। दिन में लेबर काम करती है,, इसके बाद घर पर ताला डाल दिया जाता है। इस घर को भी चोरों ने निशाना बनाया। अवध किशोर जायसवाल ने बताया कि मकान से चोर करीब 15 हजार रुपये का सामान ले गए हैं। पुलिस चोरों की तलाश कर रही है। संवाद
चोरो ने एक लाख का माल चुराया
मोहम्मदी। क्षेत्र के गांव राजापुर बेनी में पंडित पुत्तूलाल के घर में बृहस्पतिवार की रात चोरों ने हाथ साफ कर दिया। चोर एक सोने की चेन, झुमकी और 50 हजार रुपये चुरा ले गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस घर में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। इंस्पेक्टर इंद्रजीत सिंह ने बताया कि चोरी के खुलासा के लिए टीमें गठित की गई है। घटना विधायक के गांव की है। संवाद