वारदात के बाद मौज़ूद पुलिस व लोग। संवाद
मितौली। कस्ता पुलिस चौकी से चंद कदम दूर स्थित सर्राफ की दुकान के ताले तोड़कर रविवार रात चोर आभूषण चोरी कर ले गए। सोमवार सुबह लोगों को घटना की जानकारी हुई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौका-मुआयना किया।
लखीमपुर के मोहल्ला शिवपुरी निवासी जीतू रस्तोगी की कस्ता में जीतू ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। वह प्रतिदिन दुकान बंद कर घर चले जाते हैं। रविवार शाम भी उन्होंने ऐसा किया। रात में किसी समय चोर उनकी दुकान में लोहे के चैनल व शटर का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए। दुकान में रखे काउंटर से सोने व चांदी के आभूषण चुरा ले गए।
सुबह जीतू जब दुकान पर पहुंचे तो उन्हें घटना की जानकारी हुई। पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद फॉरेंसिक टीम ने भी पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
सीसी कैमरे का डीवीआर भी ले गए
पीड़ित ने बताया कि चोर सोने-चांदी के जेवर सहित दुकान में लगे सीसी कैमरे का डीवीआर भी अपने साथ ले गए और कैमरे भी तोड़ दिए। दुकान में रखी अलमारी का लॉकर भी बंद मिला। थाना प्रभारी रविंद्र सोनकर ने पीड़ित सराफ से जानकारी ली।
वर्जन
घटना की सूचना मिली थी। मौके पर पुलिस गई थी। पीड़ित की ओर से तहरीर मिली है। जांच कराने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रविंद्र सोनकर, एसओ मितौली