दुधवा में जंगल सफारी का मुख्य द्वार। स्रोत : वन विभाग
बांकेगंज। नए साल के जश्न को लेकर दुधवा टाइगर रिजर्व (डीटीआर) प्रशासन अभी से सतर्क हो गया है। एफडी ने अपने कर्मचारियों को गाइडलाइन जारी कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
निर्देशों में कहा गया है कि सभी कर्मचारी यह सुनिश्चित करें कि नए साल में दुधवा आने वाले सैलानी मांस-मदिरा का सेवन न कर सकें। पर्यटन से जुड़े अधिकारी और कर्मचारी यह देखें कि कोई सैलानी भ्रमण के नाम पर साउंड न बजाएं और न ही नाच-गाना करें। ऐसा करने पर सैलानियों के साथ-साथ संबंधित कर्मचारी पर कार्रवाई हो सकती है। डीटीआर के एफडी डॉ. एच राजामोहन ने बताया कि इस संबंध में दुधवा और कतर्निया घाट वन्यजीव प्रभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं।
इंसेट
इंटरनेशल गोल्फर समेत पकड़े गए थे दो शौकिया शिकारी
26 दिसंबर 2018 को नए साल का जश्न मनाने के लिए दुधवा टाइगर रिजर्व के कतर्निया घाट (वन्यजीव प्रभाग ) की मोतीपुर रेंज में इंटरनेशनल गोल्फर ज्योति रंधावा और उसके साथी महेश बिराजदार आए थे। जश्न के दौरान दोनों ने वन्यजीवों का शिकार भी किया था। इसकी भनक जब दुधवा टाइगर रिजर्व के तत्कालीन एफडी रमेश पांडेय को लगी तो उन्होंने अधिकारियों के साथ जंगल के भीतर विदेशी टेलीस्कोपयुक्त बंदूक,वन्यजीव की खाल और मारे गए जंगली मुर्गे के साथ गोल्फर ज्योति रंधावा और उसके साथी को गिरफ्तार किया गया था। वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत उन पर कार्रवाई भी हुई थी।