पलियाकलां। शारदा तटबंध पर मूर्ति विसर्जन को लेकर लगभग आधे घंटे तक भक्तों के बीच ऊहापोह की स्थिति बनी रही। हालांकि प्रशासनिक अधिकारियों की सूझबूझ और समझाने के बाद स्थिति सामान्य हुई और शासन की गाइडलाइन के अनुसार तट पर बने गड्ढों में ही मूर्तियों का विसर्जन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया गया।
विसर्जन के दौरान पलिया और भीरा थाना क्षेत्र से लाई गई लगभग 20 मूर्तिओं को विधि-विधान के साथ विसर्जित किया गया। सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर एसडीएम पुष्पक तोमर, तहसीलदार, सीओ शिवम कुमार, पलिया कोतवाल शिवाजी दुबे तथा भीरा पुलिस सहित भारी संख्या में पुलिस बल मुस्तैद रहा। एसडीएम ने बताया कि समझाने के बाद स्थिति सामान्य हुई और शासन की गाइडलाइन के अनुसार तट पर बने गड्ढों में ही मूर्तियों का विसर्जन हुआ।
इधर क्षेत्र में दशमी पर मोहल्ला सिंगहिया स्थित मंदिर पर मानवेंद्र बाजपेयी मानू ने भंडारे का आयोजन किया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इसके अलावा भी विभिन्न मंदिरों पर कई धार्मिक कार्यक्रम और भंडारे का आयोजन किया गया। जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया।