दक्षिण खीरी वनप्रभाग के जटपुरा और किशनपुर सेंक्च्युरी बीट से निकलकर बाघिन अपने शावक समेत टहलते हुए खीरी ब्रंाच नहर पटरी पर पहुंच गई। जंगल के बाहर बाघिन और शावक को चहल कदमी करते देख राहगीरों के होश उड़ गए। उन्होंने इसकी सूचना वनकर्मियों को दी है।
रविवार सुबह करीब नौ बजे बाघिन और उसके शावक जटपुरा और किशनपुर सेंक्च्युरी रेंज में जंगल में बह रही खीरी ब्रांच नहर के सौ फुटिया पुल के पास पहुंच गए। जहां से निकल रहे राहगीरों गजराम, बालक राम, विश्राम लाल, कमलेश कुमार ने बाघिन और उसके शावक को सामने देखा तो उनके होश उड़ गए। बियावान जंगल में अपने सामने खड़ी बाघिन को देखकर राहगीरों शोर मचाना शुरू कर दिया। इसके कुछ देर बाद बाघिन शावक को दुलारते हुए जंगल के अंदर चली गई।
उधर किशनपुर सेंक्च्युरी के मड़हा बीट फारेस्टर शकील अहमद और वन्य जीव रक्षक वन्यजीव रक्षक राकेश शुक्ल, अवतार सिंह राणा ने बताया कि बाघिन और उसके शावक की मौजूदगी की सूचना मिल गई है। उन्होंने बताया कि दोनों की लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने लोगों से सावधानी बरतने की बात कही है।