गोला गोकर्णनाथ। सोमवार देर रात चीनी मिल से गन्ना बेचकर ट्रैक्टर-ट्राॅली से जा रहे किसान के अपहरण की घटना से हड़कंप मच गया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस को किसान बाराबंकी में मिल गया है।
हैदराबाद थाना क्षेत्र के गांव घुग्घुलपुर निवासी भिखारी लाल ने पुलिस को तहरीर देकर बताया है कि आठ दिसंबर की रात करीब दो बजे उनका दामाद विपिन कुमार निवासी द्वारिकानगर, गोला गोकर्णनाथ की बजाज चीनी मिल से गन्ना बेचकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से घर जा रहा था। नानक चौकी के पास कुछ लोगों ने उसका अपहरण कर लिया। रात ढाई बजे के करीब आरोपियों ने विपिन के मोबाइल से परिवार वालों को कॉल करके डेढ़ लाख रुपये फिरौती मांगी।
उधर, रात में ही अपहरण की सूचना पर पुलिस में खलबली मच गई। सर्विलांस के जरिए विपिन कुमार की लोकेशन बाराबंकी में मिली। जहां से उसे पुलिस गोला कोतवाली ले आई। प्रभारी निरीक्षक चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि पूछताछ के दौरान विपिन ने बताया है कि नानक चौकी के पास कुछ लोग कार से आए और ट्रैक्टर ट्राॅली रुकवा ली।
गाड़ी का शीशा तोड़ दिया, यह कहकर कार सवार उससे रुपये मांगने लगे। जैसे ही वह ट्रैक्टर से उतरा लोगों ने उसे कार में डाल लिया और लेकर चले गए। मोबाइल लोकेशन के आधार पर बाराबंकी की सफदरगंज कोतवाली पुलिस के सहयोग से विपिन मिल गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार का पता किया जा रहा है। आरोपी शीघ्र पकड़े जाएंगे।