प्रधान और पंचायत सदस्य के नतीजों को जानने के लिए तड़के से ही मतदान केंद्र के बाहर समर्थकों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे दिन भर राजापुर मार्ग पर जाम की हालात बने रहे। इससे आने-जाने वाले वाहनों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा, तो सुरक्षा व्यवस्था के लिए मुस्तैद पुलिस को भी कई बार समर्थकों को खदेड़ना पड़ा।
राजापुर मंडी में मतगणना के दौरान बैरीकेडिंग कर समर्थकों को 200 मीटर पहले ही रोकने के प्रयास किए गए, लेकिन बैरियर की परवाह न करते हुए उत्साही समर्थकों ने मंडी गेट पर डेरा डाल दिया। आसपास के भवनों की छतों पर लोग मतगणना परिणामों को जानने के लिए डटे रहे।
सदर ब्लाक की 109 ग्राम पंचायतों के उम्मीदवारों की किस्मत के परिणाम आने के साथ ही उनके समर्थकों ने सड़क पर ही जमकर जश्न मनाया, जिससे कई बार रोड जाम हुई। सीओ सिटी एमपी सिंह के नेतृत्व में शहर कोतवाल दुर्गेश चंद्र श्रीवास्तव गेट पर फोर्स के साथ तैनात रहे। पुलिस फोर्स ने जाम लगने पर प्रत्याशियों के समर्थकों को लाठी लेकर दौड़ाया, जिससे कुछ समय के लिए रास्ते से जाम हटता रहा। ऐसे हालात आखिरी परिणाम के आने तक बने रहे। हालांकि पुलिस की मुस्तैदी से कोई अप्रिय घटना नहीं हुई और शांतिपूर्वक परिणाम घोषित होने के बाद पुलिस-प्रशासन ने राहत की सांस ली।