मौके पर मौजूद किसानों को समझाते एसडीओ रामाज्ञा।स्रोत -किसान
मैगलगंज। औरंगाबाद उपकेंद्र के इछना फीडर से जुड़े इलाकों में दो दिन से बिजली आपूर्ति ठप है। इससे नाराज सैकड़ों गांवों के किसानों और ग्रामीणों का गुस्सा सोमवार को फूट पड़ा। उन्होंने टोल प्लाजा मैगलगंज में धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। जल्द बिजली बहाल करने की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की। चेतावनी दी कि यदि जल्द बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो वे दोबारा उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
किसानों का कहना था कि घरों में सुबह नहाने तक के लिए भी पानी नहीं है। मोबाइल चार्ज नहीं हो पा रहे हैं। ई-रिक्शा बंद हो गए हैं। इन्वर्टर भी जवाब दे चुके हैं। धरना स्थल पर पहुंचे जेई औरंगाबाद उमेश कुमार ने किसानों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे ऊपरी अधिकारियों से सीधी वार्ता की मांग पर अड़े रहे।
किसानों का आरोप था कि जिम्मेदार अधिकारी 33 हजार लाइन में खराबी का हवाला देकर पल्ला झाड़ रहे हैं, लेकिन न कोई माकूल व्यवस्था की गई है, न ही समय सीमा बताई जा रही है।
करीब दो घंटे तक चले धरने के बाद एसडीओ रामाज्ञा मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों को आश्वासन दिया कि समस्या का शीघ्र समाधान किया जाएगा और अस्थायी रूप से इछना फीडर की बिजली लाइन को मैगलगंज टोल की लाइन से जोड़ा जाएगा।
हालांकि, इस पर टोल मैनेजर अवधेश तोमर ने आपत्ति जताते हुए कहा कि टोल की बिजली आपूर्ति निजी लाइन से होती है। उसमें किसी अन्य फीडर को जोड़ने से पहले वे अपने उच्चाधिकारियों को जानकारी देकर लिखित अनुमति मांगेंगे।
धरना स्थल पर क्षेत्र के किसानों में सतनाम, बब्बू, हैप्पी, सूरज सिंह, वीरेंद्र शर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।