पलियाकलां। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रेडियोलाॅजिस्ट पद पर तैनात सीएचसी अधीक्षक डाॅ. भरत सिंह द्वारा पांच दिन पहले पद छोड़े जाने के बाद से यहां पर अल्ट्रासाउंड नहीं हो पा रहे हैं। इसके चलते मरीजों को प्राइवेट में अल्ट्रासाउंड कराना पड़ रहा है। वहीं कई ऐसे भी मरीज हैं जो रुपये न होने के चलते 80 किमी दूर जिला अस्पताल में जाकर इलाज और अल्ट्रासाउंड कराने को विवश हैं।
पलिया सीएचसी में रेडियोलाॅजिस्ट डाॅ. भरत सिंह की तैनाती के समय में रोजाना करीब 10-15 मरीजों का अल्ट्रासाउंड किया जाता था, लेकिन रेडियोलाॅजिस्ट अधीक्षक डाॅ. भरत सिंह द्वारा पद छोड़ने के बाद बीते करीब पांच दिन से पलिया सीएचसी में मरीजों का अल्ट्रासाउंड नहीं हो पा रहा है।
सीएचसी में मरीज सुबह आठ बजे ही आ जाते हैं, लेकिन चिकित्सक न होने के चलते उनको बैरंग कर दिया जाता है। ऐसे में यह मरीज जहां प्राइवेट में महंगे दामों पर अल्ट्रासाउंड कराने को विवश होते हैं, वहीं कई ऐसे भी गरीब मरीज आते हैं जो रेफर कराने के बाद जिला अस्पताल में जाकर अल्ट्रासाउंड कराने जाने को विवश होते हैं। रोजाना करीब दस से अधिक मरीज आ रहे हैं, लेकिन उनका अल्ट्रासाउंड नहीं हो पा रहा है।
-मरीज बोले- 700 रुपये खर्च कर बाहर करा रहे अल्ट्रासाउंड-
पलिया के मोहल्ला किसान निवासी काजल सक्सेना ने बताया कि वह सोमवार को पलिया सीएचसी में अल्ट्रासाउंड कराने गईं थीं, लेकिन वहां उनका अल्ट्रासाउंड नहीं हो सका। बताया गया है कि अल्ट्रासाउंड करने वाले चिकित्सक नहीं हैं। जिसके चलते उन्होंने बाहर करीब सात सौ रुपये खर्च कर अल्ट्रासाउंड कराया है।
पलिया के मोहल्ला रंगरेजान निवासी गीता नाग ने बताया कि वह भी दो दिन पूर्व सीएचसी में अल्ट्रासाउंड करवाने गईं थीं, लेकिन वहां मना कर दिया गया। बाहर अल्ट्रासाउंड कराने में काफी खर्च आता है, लेकिन मजबूरी में बाहर खर्च कराने के बाद अल्ट्रासाउंड कराया है। सीएचसी में मशीन होने के बाद भी अल्ट्रासाउंड नहीं हो पा रहा है।
मरीज हो रहे परेशान, भटककर लौट रहे
पलिया। पलिया सीएचसी में अल्ट्रासाउंड कराने आने वाले मरीज वापस जा रहे हैं। मंगलवार को भी एक-दो मरीज दिखे, लेकिन वह कुछ बोलने से मना करते रहे, हालांकि उन्होंने अल्ट्रासाउंड न होने की बात कही। साथ ही बाहर महंगे दामों पर अल्ट्रासाउंड कराने को विवश होने की बात कही। संवाद
सीएचसी में पहले रेडियोलाॅजिस्ट की तैनाती थी। इसके बाद यहां से उनको महिला अस्पताल भेज दिया गया है। ऐसे में सीएचसी में अल्ट्रासाउंड नहीं हो पा रहे हैं। रेडियोलाॅजिस्ट आने के बाद ही यहां अल्ट्रासाउंड हो सकेंगे। जिले में ज्यादा जरूरत थी और इसी वजह से यहां से रेडियोलाॅजिस्ट को जिले पर भेजा गया है। बाकी उच्चाधिकारी ही कुछ बता सकेंगे। -डाॅ राजेंद्र कुमार, प्रभारी अधीक्षक, सीएचसी पलिया
पलिया सीएचसी में लगी अल्ट्रासांउड मशीन कक्ष में पसरा सन्नाटा। संवाद