लखीमपुर खीरी। दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद सीरियल किलर सोहराब पैरोल पर जेल से बाहर आने के बाद फरार हो गया। उम्रकैद की सजा काट रहा सोहराब तीन दिन की पैरोल पर छूटकर लखनऊ स्थित अपने घर गया था। समय सीमा पूरी होने के बाद भी जब सोहराब हाजिर नहीं हुआ तो दिल्ली पुलिस और एसटीएफ तलाश में जुट गई। सोहराब की तलाश में जिले की नेपाल सीमा पर बेरीकेडिंग लगाकर सख्ती के साथ चेकिंग की जा रही है। हालांकि एसपी संकल्प शर्मा ने इस तरह के कोई इनपुट न होने की बात कही है।
लखनऊ के सदर बाजार में रहने वाला सजायाफ्ता कैदी सोहराब हत्या, लूट सहित कई संगीन मामलों में दोषी है। इस पर करीब 24 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। सोहराब के दो भाई भी तिहाड़ जेल में बंद हैं। बीते दिनों सोहराब को तीन दिनों की पैरोल मिली तो वह जेल से बाहर आया। सूत्रों की मानें तो सोहराब की पैरोल एक जुलाई को समाप्त हुई। पेरोल समाप्त होने के बाद भी जब सोहराब तिहाड़ जेल वापस नहीं पहुंचा तो जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि सोहराब नेपाल सीमा के रास्ते फरार हो सकता है। इसको लेकर सीमा वाले इलाकों में सख्ती बढ़ा दी गई। इतना ही नहीं सुरक्षा एजेंसियों को सोहराब के बारे में जरूरी जानकारी देकर उसकी तलाश करने के निर्देश दिए गए हैं। बताया जा रहा है कि टीमें जिले के अधिकारियों के साथ संपर्क में हैं। वहीं खीरी एसएसबी की ऑपरेशन विंग भी उसकी तलाश में लगी है।
सूत्र यहां तक बताते हैं कि एसटीएफ सोहराब और उसके रिश्तेदारों की कॉल डिटेल निकालकर जांच कर रही है। एसटीएफ को हाल ही में काॅल डिटेल से सोहराब की लोकेशन मुरादाबाद और नैनीताल के बीच मिली थी। इसके बाद से लखीमपुर की नेपाल सीमा पर भी अलर्ट है।