कई चौराहों के फुटपाथ पर बना दिए अस्थाई स्टैंड
मूक दर्शक बनी है नगर पालिका और पुलिस
शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में बाधक बना है पार्किंग
शहर में फुटपाथ पर अवैध रूप से संचालित हो रही पार्किंग लाखों रुपये की कमाई का जरिया बन गए हैं। यहां कई चौराहों पर दबंगई के बल पर फुटपाथ कब्जा कर वाहनों की पार्किंग कराई जा रही है और प्रतिदिन वाहन चालकों से वसूली हो रही है।
इतना ही नहीं वाहनों के संचालन के लिए दबंगों के अपने अलग नियम भी हैं, जो उनके नियमों और वसूली का विरोध करता है, उसे न सिर्फ अलग-थलग कर दिया जाता है, बल्कि सवारियों को बिठाने के साथ-साथ पुलिस से साठगांठ कर उन्हें परेशान भी किया जाता है। अगर वाहन चालक दबंग व्यक्तियों द्वारा बनाए गए यूनियनों के नियमों का पालन करते हैं तो सभी को सवारी भरने और पुलिस के झंझट दूर रखने के लिए पूरा संरक्षण मिलता है। बता दें कि नगर पालिका परिषद की ओर से शहर में कई स्थानों पर सड़क के लिए फुटपाथ बनवाने का कार्य किया जा रहा है। मंशा है कि फुटपाथ बनने से न सिर्फ सड़कों का दायरा बढ़ेगा, बल्कि पैदल चलने वाले लोगों को भी सुविधा रहेगी। हालांकि खुद नगर पालिका भी अपने नियमों का पालन नहीं कर रही है। नगर पालिका की ओर से प्रतिवर्ष 11 स्थानों पर पार्किंग के ठेके फुटपाथ पर ही दिए जाते रहे हैं।
अवैध पार्किंग से सिकुड़ गया मेला-मैदान चौराहा
मेला-मैदान चौराहे पर एक तरफ प्राइवेट बसों के संचालन से यातायात बदहाल हो गया है तो वहीं दूसरी ओर ऑटो की पार्किंग से हालात और भी बिगड़ गया है। मेला-मैदान चौराहे से बड़े वाहनों के गुजरने के कारण यहां हमेशा जाम की स्थिति बनी रहती है।
रेलवे स्टेशन के पास हो रही पार्किंग
शहर के रेलवे स्टेशन गेट और ओवरब्रिज के पास ऑटो की पार्किंग की जाती है। ओवरब्रिज बन जाने के कारण इस रूट पर बड़े वाहनों की आवाजाही लगी रहती है। बड़े वाहनों के गुजरने और सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से खड़े ऑटो के कारण रेलवे स्टेशन से लेकर संकटा देवी पुलिस चौकी के सामने तक पूरी सड़क घंटों जाम रहती है।
यहां तो ट्रैफिक पुलिस की मौजूदगी में खड़े होते हैं वाहन
शहर के हीरालाल चौराहे से तहसील, रेलवे स्टेशन, बाजार और रोडवेज बस स्टैंड से सटा हुआ है। इस कारण यहां हर वक्त भीड़ रहती है। ट्रैफिक को संभालने के लिए पुलिस भी रहती है। लेकिन इसके बावजूद यहां ऑटो की पार्किंग हो रही है। जबकि नगर पालिका का इस पार्किंग से कोई लेना-देना नहीं है फिर भी पुलिस यातायात को व्यवस्थिति करने के लिए कोई प्रयास नहीं कर रही है।
अवैध पार्किंग के खिलाफ उठी आवाज, धरना दिया
लखीमपुर खीरी। शहर में अवैध पार्किंग के खिलाफ अब लोग आगे आकर आवाज उठाने लगे हैं। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शहर में अवैध रूप से संचालित पार्किंग के खिलाफ सोमवार को मौजी नसीरुद्दीन भवन प्रांगण में धरना दिया। कार्यकर्ताओं ने फुटपाथ पर हो रही पार्किंग और वसूली का विरोध करते हुए नगर पालिका के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने डीएम को संबोधित ज्ञापन सौंपा और शहर से अवैध पार्किंग हटवाने की मांग की। ताकि लोगों को जाम की समस्या से न जूझना पड़े। जिला संयोजक वलीम खान ने कहा कि लखीमपुर में जाम की समस्या दिन ब दिन बढ़ती जा रही है। जिसका मुख्य कारण है कि नगर पालिका द्वारा फुटपाथों को ठेके पर देकर वाहनों की पार्किंग कराई जा रही है। इससे शहर वासियों को जाम की समस्या से जूझना पड़ता है। कई बार एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और पुलिस के वाहन भी जाम में फंस जाते हैं। कार्यकर्ताओं ने इस मुद्दे पर डीएम से संज्ञान लेने की अपील की है। इस दौरान सुहेल खान, ऋषिराज सिंह, शिवशंकर, इंद्रपाल, विनोद कुमार, अनुज वर्मा, शिवकुमार, अशरफ अली समेत कई लोग थे।